नियम तोड़े तो सीधी जेल, देहरादून में होमस्टे पर सख्त एक्शन क्यों?

  देहरादून  देहरादून जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और नशे से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी Savina Bansal ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर होमस्टे, होटल और अन्य व्यावसायिक इकाइयों के खिलाफ व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी सहित एसडीएम, डीटीडीओ और अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि टीम गठित कर जिले में संचालित सभी होमस्टे, होटल और वेडिंग प्वाइंट्स का सघन निरीक्षण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जिले में वर्तमान में कुल 1057 होमस्टे पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 350 नगरीय क्षेत्रों में संचालित हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने इन सभी इकाइयों की प्राथमिकता के आधार पर जांच कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, राज्य सरकार द्वारा निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार चेकलिस्ट तैयार कर सभी मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके अलावा, जिलाधिकारी ने ओकेजनल बार लाइसेंस जारी करने से पहले सभी शर्तों और मानकों की गहन जांच करने के निर्देश भी दिए। बिना लाइसेंस या निर्धारित समय सीमा के बाद शराब परोसने की शिकायत मिलने पर संबंधित संपत्ति मालिक, लीजधारक या किरायेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन का यह कदम कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। इससे साफ संकेत मिलता है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.