देहरादून: उत्तराखंड आवास एवं शहरी विकास प्राधिकरण में संरचनात्मक अभियंताओं के एम्पैनलमेंट को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आवास सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राजीव गांधी कॉम्प्लेक्स स्थित प्राधिकरण कार्यालय में की।
बैठक में एम्पैनलमेंट प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि स्ट्रक्चरल इंजीनियरों के नवीन पंजीकरण से संबंधित प्रस्तावों को भवन निर्माण एवं विकास उपविधियों के तहत शीघ्र पूरा किया जाएगा। साथ ही, लंबे समय से लंबित मामलों की जांच कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए प्रमाणपत्र जारी किए जाएंगे।
डॉ. राजेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूरी प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाते हुए समयसीमा तय की जाए, ताकि अभियंताओं को अनावश्यक देरी और जटिलताओं का सामना न करना पड़े।