After Header-1

देहरादून में रातभर चला सत्यापन अभियान, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई

देहरादून।  प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर व्यापक स्तर पर सत्यापन एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने पीजी और हॉस्टलों में रह रहे कॉलेज छात्रों और छात्राओं की पहचान व पंजीकरण की गहन जांच की। अभियान के दौरान करीब  75 छात्रों को सत्यापन प्रक्रिया के लिए थाने लाया गया , जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने पीजी और हॉस्टल संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि उनके प्रतिष्ठानों में रहने वाले सभी छात्रों का  शत-प्रतिशत सत्यापन अनिवार्य रूप से कराया जाए । खासतौर पर दूसरे राज्यों से आने वाले छात्रों के लिए उनके मूल निवास स्थान से चरित्र सत्यापन रिपोर्ट मंगाने को भी आवश्यक बताया गया। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सभी हॉस्टलों और पीजी में सीसीटीवी कैमरे लगाने और रात 10 बजे के बाद बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी हॉस्टल या पीजी में रहने वाले छात्र नशे या किसी आपराधिक गतिविधि में लिप्त पाए गए, तो संबंधित छात्र के साथ-साथ संचालक या मालिक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। सत्यापन नियमों का पालन न करने पर  8 पीजी संचालकों के खिलाफ पुलिस एक्ट की धारा 83 के तहत चालान करते हुए कुल 80 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया ।

इसी अभियान के तहत पुलिस ने प्रेमनगर क्षेत्र में यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की। ट्रिपल राइडिंग, तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग करने वाले युवाओं को रोककर चालान किए गए। मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

चेकिंग के दौरान 52 वाहन चालकों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई  की गई, जबकि गंभीर उल्लंघन के मामलों में  16 वाहनों को सीज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि शहर में कानून-व्यवस्था और छात्र सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.