उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 5 दिन तक बारिश-बर्फबारी और तूफान का खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 18 मार्च से 23 मार्च के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

बुधवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहेगा। इन दिनों पर्वतीय क्षेत्रों में व्यापक बारिश और बर्फबारी के साथ कई स्थानों पर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी जिलों जैसे हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी और चंपावत में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

20 मार्च को पूरे प्रदेश में इसका प्रभाव देखने को मिलेगा, जहां पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी के साथ मैदानी इलाकों में भी बारिश होगी। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, आकाशीय बिजली और बादलों की तेज गर्जना की चेतावनी जारी की गई है।

21 और 22 मार्च को भी मौसम का असर जारी रहेगा, जबकि 23 मार्च को पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। मैदानी क्षेत्रों में इस दिन मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.