रुड़की। खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को पारंपरिक खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से रुड़की में प्रथम जिला स्तरीय पिट्टू प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन गौरव गोयल ने किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि युवाओं में अनुशासन, ऊर्जा और आत्मविश्वास भी विकसित करते हैं।
कार्यक्रम का आयोजन हरिद्वार पिट्टू एसोसिएशन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर बोलते हुए गौरव गोयल ने सरकार से अपील की कि नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदानों की अलग से व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि युवाओं को खेल के साथ-साथ रोजगार के अवसरों में भी इसका लाभ मिल सके।
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विपिन चौधरी ने बताया कि पिट्टू जैसे पारंपरिक खेल को अब केंद्र सरकार द्वारा मान्यता मिल चुकी है और उनका लक्ष्य इसे अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन भविष्य में भी लगातार किए जाएंगे, ताकि इस खेल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
प्रतियोगिता में जिले के पांच ब्लॉकों के करीब 100 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद रुड़की ब्लॉक ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि झबरेड़ा ब्लॉक दूसरे और भगवानपुर ब्लॉक तीसरे स्थान पर रहा। विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर सचिन कर्ण सिंह चौहान, कोच समीर चौधरी तथा शशांक नौटियाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और स्थानीय खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।