चारधाम यात्रा 2026: 6 लाख पार पंजीकरण, बीकेटीसी ने तेज की तैयारियां

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं और बजट में आवश्यक प्रावधान किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ अप्रैल में होगा। श्री केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल, श्री बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खोले जाएंगे, जबकि गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया (19 अप्रैल) के अवसर पर खुलेंगे।

बीकेटीसी कार्यालय, केनाल रोड देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में हेमंत द्विवेदी ने बताया कि 6 मार्च से 16 मार्च तक महज दो सप्ताह में 6 लाख से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। इनमें केदारनाथ के लिए 2,06,622, बदरीनाथ के लिए 1,82,212, गंगोत्री के लिए 1,15,763 और यमुनोत्री के लिए 1,13,256 श्रद्धालु शामिल हैं। कुल पंजीकरण संख्या 6,17,853 तक पहुंच गई है।

उन्होंने यह भी बताया कि शीतकालीन यात्रा 2025-26 के दौरान भी श्रद्धालुओं का उत्साह बना रहा। योग बदरी मंदिर और नृसिंह मंदिर सहित अन्य शीतकालीन पूजा स्थलों पर 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

बीकेटीसी ने आगामी यात्रा वर्ष 2026-27 के लिए 121 करोड़ रुपये से अधिक का बजट पारित किया है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।

इसके अलावा, हाल ही में आयोजित बैठक में गैर-सनातनियों के प्रवेश पर रोक लगाने का प्रस्ताव भी पारित कर राज्य सरकार को भेजा गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.