नैनीताल। उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जनपद के भ्रमण के दौरान कैंचीधाम क्षेत्र में बढ़ती यातायात समस्या के समाधान के लिए चल रहे बाईपास निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जून माह में शुरू होने वाले यात्रा सीजन से पहले हर हाल में बाईपास को चालू किया जाए।
मुख्य सचिव ने कैंची धाम क्षेत्र में लगने वाले भारी जाम को गंभीरता से लेते हुए भवाली बाईपास, भवाली-रातिघाट बाईपास और सैनिटोरियम-रातिघाट मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कैंचीधाम में हर साल देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, जिससे यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्य सचिव ने बाबा नीम करौरी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कहा कि बाईपास बनने से जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलेगी। इससे पहाड़ों की ओर जाने वाले यात्रियों का सफर भी सुगम होगा।
इस दौरान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता पी. एस. बृजवाल ने जानकारी दी कि भवाली सैनिटोरियम से रातीघाट तक प्रस्तावित 18.15 किलोमीटर लंबे बाईपास में से लगभग 8 किलोमीटर मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इस हिस्से में यातायात भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए विभाग को 12 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हुई है।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि आगामी यात्रा सीजन में लोगों को जाम की समस्या से राहत मिल सके।