सीएम धामी ने किया ‘प्रयास बेहतर कल के लिए’ का विमोचन, खेलों को लेकर दिया बड़ा संदेश

देहरादून।  उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब द्वारा प्रकाशित स्मारिका *“प्रयास बेहतर कल के लिए”* का विधिवत विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए इस पहल को सराहनीय बताया।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की रचनात्मक पहलें न केवल खेल गतिविधियों को बढ़ावा देती हैं, बल्कि कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण बनाने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में स्वस्थ कार्य संस्कृति के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सक्रिय रहना बेहद जरूरी है।

सीएम धामी ने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि खेल व्यक्ति के जीवन में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने की अपील की। उनका कहना था कि इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है, बल्कि कार्यक्षमता और उत्पादकता में भी वृद्धि होती है।

मुख्यमंत्री ने स्मारिका में प्रकाशित लेखों, उपलब्धियों और क्लब की गतिविधियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रकाशन भविष्य में अधिक से अधिक लोगों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा और एक स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान देगा।

इस मौके पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, उत्तराखण्ड सचिवालय बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रधान संपादक भूपेंद्र सिंह बसेड़ा, महासचिव प्रमोद कुमार, कोषाध्यक्ष चंदन बिष्ट, संयुक्त सचिव पुष्कर सिंह नेगी सहित कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में क्लब से जुड़े अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी शामिल हुए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.