देहरादून में UAIOACON 2026 का भव्य समापन, पद्मश्री प्रो. संजय का बड़ा संदेश चर्चा में

देहरादून। उत्तराखण्ड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन का 22वां वार्षिक सम्मेलन  UAIOACON 2026  देहरादून में सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। तीन दिनों तक चले इस सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञों ने भाग लेकर चिकित्सा क्षेत्र में नवीनतम शोध और तकनीकों पर गहन चर्चा की। सम्मेलन का आयोजन 13 से 15 मार्च 2026 तक Hotel Aketa और Red Fox Hotel, राजपुर रोड में किया गया।

सम्मेलन का उद्घाटन सैफई विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश के कुलपति डॉ. अजय सिंह ने किया। इस अवसर पर अतिथि-विशेष के रूप में पद्मश्री प्रोफेसर संजय उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. एस. एन. सिंह, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. पुनीत अग्रवाल, डॉ. प्रवीण मित्तल, डॉ. राजीव रमन और डॉ. राजेश माहेश्वरी जैसे कई वरिष्ठ ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ भी मौजूद रहे।

अपने संबोधन में पद्मश्री प्रोफेसर संजय ने कहा कि “जितने अधिक गुण होते हैं, उतना ही बड़ा व्यक्तित्व बनता है।” उन्होंने चिकित्सकों को केवल सर्जिकल कौशल तक सीमित न रहकर मानवीय संवेदनाओं, व्यवहार और ज्ञान को भी उतना ही महत्व देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि एक सफल डॉक्टर वही है जो मरीज के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार हो।

सम्मेलन के दौरान वैज्ञानिक सत्रों में ओरेशन व्याख्यान, प्लेनरी लेक्चर, पैनल डिस्कशन और केस-आधारित चर्चाएं आयोजित की गईं। विशेषज्ञों ने जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी, ट्रॉमा मैनेजमेंट, स्पोर्ट्स इंजरी, आर्थ्रोस्कोपी और नई सर्जिकल तकनीकों पर अपने अनुभव साझा किए।

इस सम्मेलन में देशभर से आए 256 प्रतिनिधियों और 60 से अधिक विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। साथ ही, इस अवसर पर यह घोषणा भी की गई कि कैनाल रोड स्थित ऑल इज़ वेल मल्टी स्पेशलिटी एंड फ्रैक्चर क्लिनिक के प्रमुख डॉ. एस. एन. सिंह ने उत्तराखण्ड ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के नए अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाल लिया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.