कन्नौज। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार स्कूली बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य बच्चे घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। आगरा से पिकनिक मनाकर कौशांबी लौट रही ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई सीटें उखड़ गईं।
जानकारी के अनुसार, बस में सवार बच्चों को शौचालय जाने के लिए चालक ने एक्सप्रेस-वे किनारे वाहन रोका था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस में फंसे बच्चों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। राहगीरों की मदद से काफी मशक्कत के बाद बच्चों को बस से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से तिर्वा स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान आर्यन चौरसिया (14), रजिउल्लाह (16), जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) के रूप में हुई है। आर्यन और रजिउल्लाह कौशांबी के अफजलपुरवारी मोहब्बतपुर के निवासी थे, जबकि जैद फतेहपुर के निदौरा और अरमान गौरे खकरेड़ के रहने वाले थे।
हादसे में घायल 25 बच्चों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर किया गया है।
स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, बस में करीब 50 बच्चों के अलावा शिक्षक और अन्य स्टाफ भी सवार थे। सभी आगरा में ताजमहल देखने के बाद कौशांबी लौट रहे थे। हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों का हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सुरक्षित बच्चों को दूसरी गाड़ी से कौशांबी भेजने की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

