बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। सुबेहा थाना क्षेत्र में किलोमीटर 53.3 के पास तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़ी पिकअप में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार पांच लोगों की जान चली गई।
पुलिस के मुताबिक, एंबुलेंस संख्या आरजे 14 पीएफ 8529 पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़ी पिकअप संख्या यूपी 78 जेटी 6480 में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद एंबुलेंस में फंसे लोगों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सबसे दुखद बात यह रही कि एंबुलेंस में बिहार के समस्तीपुर निवासी अशोक शर्मा का शव रखा हुआ था। उनके परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव ले जा रहे थे। इस दौरान हुए हादसे में अशोक शर्मा के बेटे राजकुमार शर्मा उर्फ सतीश शर्मा, रवि शर्मा, फूलो शर्मा और एंबुलेंस के दोनों चालक सरफराज व आबिद की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक विवेक तिवारी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

