After Header-1

दिल्ली-एनसीआर की हवा फिर हुई जहरीली, कई इलाकों में 300 के पार पहुंचा AQI

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में वायु प्रदूषण का संकट लगातार बना हुआ है। शनिवार सुबह दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह सात बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 279 रहा। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंचने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

दिल्ली के एम्स इलाके में सबसे अधिक 369 एक्यूआई दर्ज किया गया, जबकि चांदनी चौक में यह आंकड़ा 365 रहा। इसके अलावा वजीरपुर में 332, आनंद विहार में 327, आईआईटी दिल्ली में 308 और बवाना में 304 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया। इन सभी क्षेत्रों में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में पहुंच गई है।

वहीं, आरके पुरम में 274, आईजीआई एयरपोर्ट पर 242, नजफगढ़ में 236, नरेला में 245 और द्वारका सेक्टर-8 में 241 एक्यूआई दर्ज किया गया। एनसीआर के शहरों में भी प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गाजियाबाद में एक्यूआई 244, नोएडा में 255 और ग्रेटर नोएडा में 197 दर्ज किया गया। नोएडा के सेक्टर-62 में स्थिति अधिक गंभीर रही, जहां एक्यूआई 343 तक पहुंच गया।

गौरतलब है कि एक्यूआई 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है।

प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रैप) के पहले और दूसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं। 17 नवंबर को वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दी गई थीं। इसके बाद स्कूलों में ऑफलाइन पढ़ाई भी बहाल कर दी गई थी।

विशेषज्ञों के अनुसार, मौसम में बदलाव, ठंड बढ़ने और हवा की गति कम होने से प्रदूषण का स्तर दोबारा बढ़ सकता है। हवा की रफ्तार कम रहने पर प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा होते हैं, जिससे स्मॉग की समस्या गंभीर हो सकती है।

इस बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रदूषण नियंत्रण के उपायों की समीक्षा कर संबंधित विभागों को सड़कों की सफाई, निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण और प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

 

300×600 ADS-2

Leave A Reply

Your email address will not be published.