जानकारी के अनुसार, सात ट्रैकर्स और एक गाइड का दल सोल सीकर ट्रेकिंग एजेंसी के माध्यम से गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुआ था। 30 अक्टूबर को वापसी के दौरान करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर दल अचानक भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसके बाद से ही सभी आठ सदस्य लापता बताए जा रहे थे।
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ और एनआईएम की संयुक्त रेस्क्यू टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया। दुर्गम रास्तों, बर्फ की मोटी परत और प्रतिकूल मौसम के बीच टीम ने काफी मशक्कत की। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष ट्रैकर का शव बरामद किया गया। हालांकि, दोनों मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
रेस्क्यू अभियान को गति देने और राहत टीमों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए घटनास्थल के समीप 4,005 मीटर की ऊंचाई पर अस्थायी हेलीपैड भी तैयार किया गया है। इससे बचाव कार्य में हेलीकॉप्टर की मदद लेने की संभावनाएं बढ़ेंगी।
मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे मौसम खराब होने और क्षेत्र में कठिन परिस्थितियों के चलते सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। अब बुधवार सुबह मौसम अनुकूल रहने पर दोबारा अभियान शुरू किया जाएगा। रेस्क्यू टीम का प्राथमिक लक्ष्य बर्फ में फंसे छह लापता सदस्यों का पता लगाना है। हादसे के बाद से ट्रैकिंग दल के परिजनों में चिंता और बेचैनी बनी हुई है।

