After Header-1

कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: वैन-ट्रेलर की टक्कर में छह की मौत, एक परिवार के पांच सदस्यों की गई जान

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा हाटा कोतवाली क्षेत्र के हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ। यहां तेज रफ्तार वैन और सामने से आ रहे ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के मुताबिक, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और परिचितों के साथ देवराज पिपरा में आयोजित एक रिश्तेदार के तिलक समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह संपन्न होने के बाद सभी लोग देर रात वैन से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान थरुआडीह के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वैन में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

इस भीषण हादसे में वैन चालक मिथिलेश गुप्ता समेत छह लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान मृदुल मिश्रा, रंजन कुमार, राममिलन, रामविलास और कन्हैया प्रसाद के रूप में भी हुई है। वहीं, आर्यन और आयुष गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

एएसपी ने बताया कि हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.