नई दिल्ली। भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज शुरू होने से पहले न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के दो प्रमुख खिलाड़ी मार्क चैपमैन और रचिन रवींद्र चोट के कारण पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। दोनों खिलाड़ियों के चार नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली सीरीज तक फिट होने की संभावना नहीं है। उनकी गैरमौजूदगी से न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी और ऑलराउंडर संयोजन प्रभावित हो सकता है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, मार्क चैपमैन को यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग के दौरान बाईं हैमस्ट्रिंग में चोट लगी थी। हालिया एमआरआई जांच के बाद उन्हें पूरी तरह फिट होने के लिए दो सप्ताह के पुनर्वास की जरूरत बताई गई है। वहीं, रचिन रवींद्र एक प्रचार कार्यक्रम की शूटिंग के दौरान हुए हादसे में दाएं कंधे की हड्डी खिसकने से चोटिल हो गए थे।
मुख्य कोच रॉब वाल्टर ने दोनों खिलाड़ियों के बाहर होने पर निराशा जताई। उन्होंने कहा कि चैपमैन और रचिन टीम के महत्वपूर्ण सदस्य हैं। रचिन का कंधा अभी सफेद गेंद के क्रिकेट में पूरी क्षमता से क्षेत्ररक्षण करने के लिए तैयार नहीं है। इस महीने के अंत में टेस्ट सीरीज भी होनी है, इसलिए टीम उनके फिटनेस को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती।
टीम में हुए कई बदलाव
चैपमैन और रचिन की जगह टीम संयोजन में बदलाव किए गए हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट को शुरुआती तीन वनडे के लिए भी टीम में शामिल किया गया है। हेनरी निकोल्स को भी पहले तीन मुकाबलों के लिए मौका मिला है। वहीं, ऑलराउंडर डीन फॉक्सक्रॉफ्ट अंतिम दो मैचों के लिए टीम से जुड़ेंगे।
तेज गेंदबाज मैट फिशर को भी शुरुआती तीन मैचों में खेलने के लिए टीम में शामिल किया गया है। वह पहले केवल अंतिम दो मुकाबलों के लिए चुने गए थे। दूसरी ओर, जांघ की मांसपेशी में चोट से जूझ रहे मैट हेनरी दो नवंबर को टीम के साथ जुड़ेंगे। हालांकि, उनकी उपलब्धता फिटनेस जांच के बाद तय होगी।
पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट फिशर, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, विल यंग और ब्लेयर टिकनर।
अंतिम दो वनडे के लिए टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, क्रिस्टियन क्लार्क, जैकब डफी, मैट फिशर, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, लॉकी फर्ग्यूसन, मिचेल हे, निक केली, टिम सीफर्ट, ब्लेयर टिकनर और विल यंग।
