After Header-1

उत्तराखंड के हर परिवार को मिलेगी खास पहचान, सीएम धामी ने लॉन्च किया देवभूमि परिवार पोर्टल

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी योजनाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में ‘देवभूमि परिवार पोर्टल’ और ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ का लोकार्पण किया। देवभूमि परिवार पोर्टल के माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक परिवार को एक विशिष्ट पहचान मिलेगी। वहीं, विजन-2047 के जरिए राज्य के दीर्घकालिक विकास की प्राथमिकताएं और भविष्य की दिशा तय की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि परिवार पोर्टल को ‘एक परिवार, एक पहचान, एक प्लेटफॉर्म’ की अवधारणा पर तैयार किया गया है। इसके तहत प्रदेश के प्रत्येक परिवार को विशिष्ट देवभूमि परिवार आईडी उपलब्ध कराई जाएगी। पोर्टल पर परिवारों से जुड़ी सामाजिक और आर्थिक जानकारियां एक ही स्थान पर दर्ज होंगी। इससे सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान करना आसान होगा।

उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद और पात्र परिवारों तक पारदर्शी एवं सुगम तरीके से पहुंचाया जा सकेगा। अलग-अलग योजनाओं में एक ही लाभार्थी की दोहरी प्रविष्टि यानी डुप्लीकेसी रोकने में भी मदद मिलेगी। इसके साथ ही लाभार्थियों के सत्यापन की प्रक्रिया अधिक व्यवस्थित और प्रभावी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री के अनुसार, परिवारों से संबंधित एकीकृत जानकारी उपलब्ध होने से सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और लाभ वितरण में सुविधा होगी। इससे प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

वहीं, ‘विकसित उत्तराखण्ड विजन-2047’ राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए तैयार किया गया दीर्घकालिक खाका है। इसका मुख्य उद्देश्य वर्ष 2047 तक उत्तराखंड को विकसित राज्य के रूप में स्थापित करना है। इसके माध्यम से भविष्य की विकास प्राथमिकताओं, नीतिगत लक्ष्यों और राज्य की प्रगति की दिशा निर्धारित की जाएगी।

दोनों पहलों को प्रदेश में सुशासन, पारदर्शिता और विकास की योजनाओं को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.