After Header-1

हरमनप्रीत-सुखजीत की जोड़ी ने बरपाया कहर, भारत ने चीन को 5-2 से रौंदा

जालंधर। हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब-2026 में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए चीन को 5-2 से हरा दिया। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में कप्तान हरमनप्रीत सिंह और प्लेयर ऑफ द मैच सुखजीत सिंह ने दो-दो गोल दागे, जबकि जुगराज सिंह ने एक गोल किया। इस जीत के साथ गत चैंपियन भारत ने दो मैचों में छह अंक हासिल कर अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखा।

भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। 12वें मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार मैदानी गोल कर टीम का खाता खोला। उन्होंने जुगराज सिंह के लंबे हवाई पास को नियंत्रित करते हुए आगे बढ़े चीनी गोलकीपर के ऊपर से गेंद को नेट में पहुंचा दिया। चीन ने जवाबी हमला किया, लेकिन भारतीय गोलकीपर सूरज करकेरा ने बेहतरीन बचाव कर टीम की बढ़त कायम रखी।

दूसरे क्वार्टर में 26वें मिनट में यांग पेंग ने पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल कर चीन को 1-1 की बराबरी दिलाई। हालांकि, भारत ने तुरंत पलटवार किया। अगले ही मिनट कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग-फ्लिक से पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदल दिया। हाफ टाइम तक भारत 2-1 से आगे रहा।

तीसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने अपनी पकड़ और मजबूत कर ली। 31वें मिनट में हरमनप्रीत ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। इसके तीन मिनट बाद सुखजीत ने अपना दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 4-1 कर दी। चीन की ओर से 36वें मिनट में चेन चोंगचोंग ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोल कर अंतर 4-2 किया।

अंतिम क्वार्टर में भारत ने आक्रमण जारी रखा। 47वें मिनट में जुगराज सिंह ने सटीक फ्लिक के जरिए पेनाल्टी कॉर्नर पर पांचवां गोल दागा। मैच के अंतिम क्षणों में हरमनप्रीत को हैट्रिक पूरी करने का मौका मिला, लेकिन चीनी गोलकीपर वू हुआन्यू ने उनका प्रयास नाकाम कर दिया।

भारत ने 5-2 की शानदार जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.