देहरादून, 28 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में चमोली जिले की 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ रुपये की छह योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन योजनाओं से क्षेत्र में पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रामगंगा पर बनेगा बांध, भू-धंसाव से सुरक्षा के काम भी शुरू
मुख्यमंत्री ने गैरसैंण शहर और आसपास के क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए रामगंगा नदी पर बांध निर्माण योजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना पर 122.69 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा कर्णप्रयाग विकासखंड के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले कार्यों की शुरुआत की गई।
गैरसैंण में राजकीय पॉलिटेक्निक के भवन निर्माण पर 12.16 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय बछुवाबाण में भवन अनुरक्षण कार्य भी कराया जाएगा। इसके साथ ही कुमोली रैवान और गैरसैंण-पज्याणा मोटर मार्गों से जुड़े कार्यों का शिलान्यास किया गया।
सड़क, शिक्षा और सुरक्षा सुविधाओं को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने 34.04 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई छह योजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग के उच्चीकरण पर 14.82 करोड़ रुपये का कार्य प्रमुख है। राजकीय इंटर कॉलेज गैरसैंण में 4.37 करोड़ रुपये की लागत से बने ऑडिटोरियम भवन का भी उद्घाटन किया गया।
इसके अलावा सारकोट-भराड़ीसैंण मोटर मार्ग पर सुधार और डामरीकरण तथा कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्ग के नवीनीकरण कार्यों का लोकार्पण हुआ।
क्षेत्र में आपातकालीन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए 4.37 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ रुपये की लागत से बने थाना गैरसैंण भवन का भी उद्घाटन किया गया।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, भरत चौधरी और स्थानीय विधायक अनिल नौटियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सरकार के अनुसार, इन परियोजनाओं से गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
