प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, विधायक विक्रम सिंह नेगी और विधायक लखपत बुटोला के नेतृत्व में पौड़ी जनपद के लैंसडाउन एवं चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्रों में न्याय यात्रा निकाली गई। वहीं, प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह तथा पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला के नेतृत्व में देहरादून की कैंट और धर्मपुर विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा आयोजित की गई।
गणेश गोदियाल ने कहा कि राज्य गठन के 25 वर्ष बाद भी पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है। रोजगार की कमी के कारण युवा पलायन करने को मजबूर हैं और गांव खाली होते जा रहे हैं। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों का मुद्दा उठाते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
गोदियाल ने कहा कि न्याय यात्रा जनता के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा और न्याय की लड़ाई है। उन्होंने जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से किसानों और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।
विधायक विक्रम सिंह नेगी और लखपत बुटोला ने स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, शिक्षकों की कमी और रोजगार के संकट को लेकर सरकार की आलोचना की।
वहीं, प्रीतम सिंह ने देहरादून में यातायात जाम, पेयजल संकट, जलभराव, खराब सड़कों और महंगाई को प्रमुख समस्याएं बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के वादे पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता अपने मताधिकार से सरकार को जवाब देगी।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस गरीबों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और छोटे व्यापारियों के हितों के लिए संघर्ष करती रहेगी। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि न्याय यात्रा के माध्यम से जनसमस्याओं को व्यापक स्तर पर उठाकर प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में जनजागरण किया जाएगा।
