After Header-1

उत्तराखंड में कांग्रेस की न्याय यात्राओं में उमड़ी भीड़, भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत आयोजित न्याय यात्राओं को व्यापक जनसमर्थन मिलने का दावा किया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संगठन राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित यात्राओं में लोगों की भागीदारी भाजपा सरकार के प्रति उनकी नाराजगी को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनसमस्याओं को लेकर जनता के बीच पहुंच रही है।

राजेंद्र भंडारी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के सतपुली, यमकेश्वर के दुगड्डा और कोटद्वार में न्याय यात्राएं निकाली गईं। वहीं, कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने रुद्रपुर, गदरपुर, बाजपुर, काशीपुर तथा जसपुर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने चकराता में जनसभा को संबोधित करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जनता के बीच जाकर पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया। इसके अलावा पूर्व मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के नेतृत्व में हरिद्वार जिले के खानपुर और झबरेड़ा में भी न्याय यात्राएं निकाली गईं। प्रदेश कांग्रेस के सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव ने भी विभिन्न कार्यक्रमों में भागीदारी की।

महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना

भंडारी ने आरोप लगाया कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महिला अपराध, भर्ती घोटाले, पलायन और बिगड़ती कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों से प्रदेश की जनता परेशान है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति और युवाओं के भविष्य को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। साथ ही सरकारी भूमि और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को लेकर सरकार से जवाब मांगा।

उन्होंने कहा कि ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र, मताधिकार और आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना है। भंडारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। पार्टी युवाओं के रोजगार, महिलाओं को न्याय और प्रदेश को भ्रष्टाचार एवं कुशासन से मुक्त कराने के मुद्दों पर अपना अभियान आगे बढ़ाएगी।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.