After Header-1

पैरा एशियाई खेलों में भारत का ऐतिहासिक धमाका, 114 पदकों से रचा नया कीर्तिमान

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। जापान के आइची-नागोया में आयोजित पैरा एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। भारतीय दल ने प्रतियोगिता के अंतिम दिन नौ स्वर्ण पदक जीतकर अपने अभियान का समापन कुल 114 पदकों के साथ किया। भारत की झोली में 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक आए। यह इन खेलों में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

भारत ने 2023 में हांगझोऊ में आयोजित पिछले पैरा एशियाई खेलों के प्रदर्शन को भी पीछे छोड़ दिया। उस समय भारतीय खिलाड़ियों ने 111 पदक जीते थे। इस बार खास बात यह रही कि भारत ने पिछले संस्करण के 303 खिलाड़ियों की तुलना में केवल 168 खिलाड़ियों का दल उतारा, इसके बावजूद पदकों की संख्या और स्वर्ण पदकों में बढ़ोतरी दर्ज की। भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा।

एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा

भारत के पदक अभियान में एथलेटिक्स की सबसे अहम भूमिका रही। इस खेल में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 65 पदक जीते। भाला फेंक में सुमित अंतिल ने 72.46 मीटर के प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसी स्पर्धा में महेंद्र गुर्जर ने रजत और संदीप संजय सरगर ने कांस्य पदक हासिल किया।

प्रणव सूरमा ने क्लब थ्रो में खेल रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि संदीप ने 400 मीटर टी-64 दौड़ में विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

बैडमिंटन और निशानेबाजी में भी चमके खिलाड़ी

पैरा बैडमिंटन में नितेश कुमार ने पुरुष एकल एसएल-3 के फाइनल में प्रमोद भगत को हराकर स्वर्ण पदक जीता। नवीन शिवकुमार और थुलासिमथि मुरुगेसन की जोड़ी ने भी स्वर्णिम सफलता हासिल की।

पैरा निशानेबाजी में मोना अग्रवाल ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में भी स्वर्ण हासिल किया।

तीरंदाजी और तैराकी में भी शानदार प्रदर्शन

पैरा तीरंदाजी में हरविंदर सिंह और विजय सुंडी की जोड़ी ने पुरुष रिकर्व युगल का स्वर्ण पदक जीता। भारतीय पैरा तैराकों ने भी कुल 11 पदक जीतकर योगदान दिया।

114 पदकों की उपलब्धि ने भारतीय खिलाड़ियों की मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाया। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने पैरा खेलों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.