After Header-1

सीएम धामी का युवाओं से बड़ा आह्वान, नशामुक्त उत्तराखंड के लिए कही ये बात

देहरादून। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से अभियान की कमान संभालने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि युवा केवल नशामुक्ति अभियान में सहभागी बनकर न रहें, बल्कि नेतृत्वकर्ता बनकर समाज को जागरूक करें और दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को देहरादून स्थित डॉ. बी.आर. आंबेडकर ग्राउंड, ओएनजीसी में ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से आयोजित ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड वॉकथॉन’ में शामिल हुए। उन्होंने वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उपस्थित लोगों को नशामुक्त उत्तराखंड बनाने की शपथ भी दिलाई।

नशामुक्त उत्तराखंड के लिए युवाओं की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशामुक्त उत्तराखंड वॉकथॉन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज के निर्माण का संदेश है। ऐसे आयोजनों से नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ती है और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने इस पहल के लिए ओएनजीसी ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों, आयोजकों और विशेष रूप से देवेंद्र सिंह बिष्ट की सराहना की।

उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता, बल्कि उसके भविष्य, परिवार और पूरे समाज को भी प्रभावित करता है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों में होना चाहिए, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें और प्रदेश के विकास में योगदान दें।

खेल, योग और अच्छी संगति अपनाने की अपील

मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेल, योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छी संगति, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली युवाओं को नशे से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। युवाओं को स्वयं नशे से बचने के साथ अपने मित्रों और साथियों को भी इसके दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करना चाहिए।

सामूहिक प्रयासों से सफल होगा नशामुक्ति अभियान

सीएम धामी ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार और पुलिस के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए अभिभावकों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना होगा। विद्यालयों, महाविद्यालयों, कार्यस्थलों और खेल मैदानों से नशामुक्ति का संदेश हर घर और गांव तक पहुंचाना जरूरी है।

उन्होंने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने और नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।


Leave A Reply

Your email address will not be published.