रुड़की। आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में रुड़की विधानसभा क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा प्रत्येक बूथ पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया गया।
बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि संगठन की सफलता के लिए प्रत्येक बूथ पर समर्पित कार्यकर्ताओं की टीम होना जरूरी है। सभी पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संगठनात्मक कार्यों में आपसी समन्वय और एकजुटता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
चुनावी सफलता के लिए बूथ प्रबंधन जरूरी
विधानसभा प्रभारी संदीप गोयल ने कहा कि चुनाव में सफलता हासिल करने के लिए बूथ प्रबंधन, मतदाताओं से लगातार संपर्क और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल महत्वपूर्ण है। उन्होंने प्रत्येक बूथ की स्थिति की समीक्षा करने, कमजोरियों को पहचानने और उन्हें दूर करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, राज्यमंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, मंडल अध्यक्ष बृजमोहन सैनी, सुमित अग्रवाल, अवनीश शर्मा, पवन तोमर, महेंद्र काला, वरिष्ठ नेता चौधरी धीर सिंह, जिला उपाध्यक्ष संजय अरोड़ा, सतीश सैनी, नितिन गोयल सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अक्षय प्रताप और सागर गोयल ने किया। बैठक में संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
