After Header-1

रानीखेत में गूंजी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ की गूंज

रानीखेत। कांग्रेस सीडब्ल्यूसी सदस्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में गुरुवार को रानीखेत में उत्तराखंड न्याय यात्रा निकाली गई। चितई गोल्ज्यू मंदिर से शुरू हुई यात्रा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने भी प्रतिभाग कर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
. वोट बचाओ–देश बचाओ’ के संदेश के साथ निकली इस यात्रा में महिला सुरक्षा, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, भर्ती घोटालों, पलायन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निवीर योजना जैसे मुद्दों पर आवाज उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मताधिकार की रक्षा और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देना जरूरी है।
चितई गोल्ज्यू मंदिर से शुरू हुई यात्रा रानीखेत में घिंघारीखाल, विजय चौक से सदर बाजार होते हुए गांधी चौक पहुंची, जहां जनसभा आयोजित की गई। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जनमुद्दों पर जनसंवाद बढ़ाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। इसके बाद यात्रा केओएमयू स्टेशन होते हुए खैरना की ओर रवाना हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष दीपक किरौला ने की, जबकि संचालन गोपाल देव और कमलेश बोरा ने किया।
यात्रा में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी मनोज यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फरस्वाण सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.