After Header-1

परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच CBI के हाथ, अब परिजनों से पूछताछ

नई दिल्ली। पंजाब में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने जांच अपने हाथ में ले ली है। जांच शुरू करते ही सीबीआई की टीम सक्रिय हो गई है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर मामले से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। अब एजेंसी हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की गहराई से जांच करेगी।

मंगलवार रात सीबीआई की टीम मानसा थाने पहुंची और मामले से संबंधित पुलिस रिकॉर्ड तथा जब्त सामग्री अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। एजेंसी ने इस संबंध में पुलिस को औपचारिक पत्र भी जारी किया है। बुधवार को सीबीआई के वरिष्ठ उप महानिरीक्षक (डीआईजी) के नेतृत्व में टीम झोटा के घर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर उनका पक्ष जाना और मामले से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं।

फॉरेंसिक विशेषज्ञ भी जांच में होंगे शामिल

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों, औषधि नियंत्रकों और अन्य विशेषज्ञों के भी मानसा पहुंचने की सूचना है। वहीं, झोटा के शव का पोस्टमार्टम चंडीगढ़ स्थित पीजीआई में विशेषज्ञों की टीम करेगी। चंडीगढ़ में मजिस्ट्रेट की निगरानी में जांच संबंधी कार्रवाई भी की जाएगी। सीबीआई परिजनों से मिली जानकारी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की जांच करेगी।

मेडिकल स्टोर के अंदर मारी गई थी गोली

गौरतलब है कि परविंदर सिंह झोटा की 13 अक्टूबर को मानसा के बाजार में एक मेडिकल स्टोर के भीतर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। झोटा मेडिकल स्टोरों पर नशीली दवाओं की कथित अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाते थे। घटना के समय वह सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण कर रहे थे। इस मामले में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार को गिरफ्तार किया गया था।

परिजनों ने की थी स्वतंत्र जांच की मांग

झोटा के परिजनों ने मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की मांग उठाई थी। इसके बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20 अक्टूबर को मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की घोषणा की। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी मंगलवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी।

अब सीबीआई हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी। जांच में यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि वारदात किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण थे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.