After Header-1

नए राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से मिले सतपाल महाराज, जानिए क्यों खास है यह मुलाकात

देहरादून। उत्तराखंड के नवनियुक्त राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन से प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने लोक भवन पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने डॉ. बिसेन को उत्तराखंड का राज्यपाल नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाराज ने उम्मीद जताई कि उनके लंबे राजनीतिक अनुभव, प्रशासनिक दक्षता और चिकित्सा क्षेत्र की विशेषज्ञता से प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य का राज्यपाल नियुक्त किया जाना हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि डॉ. बिसेन एक अनुभवी जननेता, वरिष्ठ चिकित्सक और कुशल प्रशासक हैं। सार्वजनिक जीवन में उनका लंबा अनुभव प्रदेश के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।

सतपाल महाराज ने डॉ. बिसेन की राजनीतिक और सामाजिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के एक किसान परिवार से आने वाले डॉ. बिसेन ने अपने सार्वजनिक जीवन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। वह चार बार विधायक चुने गए और मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।

इसके अलावा उन्होंने वित्त आयोग के अध्यक्ष और बालाघाट से लोकसभा सांसद के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उनके अनुभव को देखते हुए उत्तराखंड में संवैधानिक दायित्वों के निर्वहन और विभिन्न विकास संबंधी विषयों में उनका मार्गदर्शन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

महाराज ने कहा कि डॉ. ढाल सिंह बिसेन को आयुर्वेद और होम्योपैथी चिकित्सा का भी अनुभव है। जनसेवा और प्रशासनिक कार्यों में उनकी विशेषज्ञता उत्तराखंड के लिए लाभकारी सिद्ध हो सकती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यपाल के मार्गदर्शन में प्रदेश की विकास यात्रा को मजबूती मिलेगी। सतपाल महाराज की यह मुलाकात नए राज्यपाल के पदभार संभालने के बाद प्रदेश के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हो रही औपचारिक मुलाकातों की कड़ी का हिस्सा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.