After Header-1

देहरादून में एक ही छत के नीचे 44 तरह की जांच, 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को मिली राहत

देहरादून। आम लोगों को सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को रायपुर क्षेत्र के नालापानी स्थित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल और विधायक उमेश शर्मा काऊ ने प्रतिभाग किया। शिविर में स्वास्थ्य जांच से लेकर कृषि, बाल विकास और श्रमिक कल्याण से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने शिविर में अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इसके माध्यम से उन्होंने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और सेहत के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। शिविर में 44 प्रकार की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण कराने का अवसर मिला।

शिविर में विभिन्न विभागों ने लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ आवश्यक सामग्री भी वितरित की। कृषि विभाग की ओर से कृषि यंत्र और मशरूम मिनीकिट दी गईं। बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट और किशोरी किट वितरित कीं। वहीं, श्रम विभाग की ओर से 500 से अधिक श्रमिक परिवारों को पोषण, स्वच्छता और शिक्षा किट उपलब्ध कराई गईं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बहुउद्देशीय शिविरों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं को सीधे जनता तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण किया जाए। लोगों को अपने काम के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ आसानी से मिले, यह सुनिश्चित किया जाए।

जिला प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य, कृषि, श्रम और बाल विकास सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी लें और पात्रतानुसार लाभ उठाएं।

शिविर में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी, नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह सहित जनप्रतिनिधि और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.