After Header-1

10 से 15 हजार फीट की ऊंचाई पर दौड़ेंगे धावक, आदि कैलाश परिक्रमा रन में क्या होगा खास?

पिथौरागढ़, 8 अक्टूबर। उत्तराखंड की व्यास घाटी एक बार फिर देश-दुनिया के धावकों के कदमों की गवाह बनने जा रही है। सीमांत क्षेत्र में 24 से 26 अक्टूबर तक ‘आदि कैलाश परिक्रमा रन-2026’ का आयोजन किया जाएगा। समुद्र तल से करीब 10 हजार से 15 हजार फीट की ऊंचाई पर होने वाली इस हाई-एल्टीट्यूड मैराथन में देश-विदेश से करीब एक हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का मुख्य केंद्र और बेस कैंप गुंजी गांव में बनाया गया है। पर्यटन सहायक निदेशक अतुल भंडारी के अनुसार सीमांत क्षेत्रों में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजन का यह दूसरा संस्करण कराया जा रहा है।

24 अक्टूबर को 70 किलोमीटर की अल्ट्रा रन जोलिंगकोंग से शुरू होकर छियालेख होते हुए गुंजी में समाप्त होगी। इसी दिन 42 किलोमीटर की फुल मैराथन भी आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन 25 अक्टूबर को 21 किलोमीटर हाफ मैराथन के साथ 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की दौड़ होगी। ये सभी प्रतियोगिताएं गुंजी से शुरू होकर कुटी की दिशा में जाएंगी और वापस गुंजी में समाप्त होंगी।

आयोजन के अंतिम दिन 26 अक्टूबर को माउंटेन टेरेन बाइकिंग (एमटीबी) प्रतियोगिता कराई जाएगी। प्रतिभागियों को गुंजी, नाबी, कुटी और जोलिंगकोंग जैसे सामरिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीमांत क्षेत्रों से गुजरने का अवसर मिलेगा।

ऊंचाई, बर्फीले रास्तों और चुनौतीपूर्ण पहाड़ी भू-भाग के कारण यह आयोजन सामान्य मैराथन से अलग होगा। धावकों को कठिन मौसम और दुर्गम रास्तों के बीच अपनी क्षमता का प्रदर्शन करना होगा।

अतुल भंडारी ने बताया कि प्रतिभागियों के पंजीकरण की अंतिम तिथि 10 अक्टूबर निर्धारित की गई है। आयोजन के जरिए आदि कैलाश क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक महत्व को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.