हरिद्वार, 8 अक्टूबर। लक्सर क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद दहेज उत्पीड़न और विवाहिता का गला दबाकर जान से मारने की कोशिश का मामला सामने आया है। अकबरपुर ऊद निवासी विवाहिता गुंजन ने अपने पति, सास और ससुर पर कार, दो लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण की मांग करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, गुंजन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि करीब दो वर्ष से उसका अकोड़ा औरंगजेबपुर निवासी निखिल के साथ प्रेम प्रसंग था। आरोप है कि निखिल ने शादी का भरोसा देकर उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में दोनों परिवारों और क्षेत्र के लोगों की मौजूदगी में 30 जुलाई को मंदिर में दोनों का विवाह कराया गया। विवाह का पंजीकरण भी कराया गया था।
शादी के बाद दहेज की मांग का आरोप
गुंजन का आरोप है कि ससुराल पहुंचने के बाद पति निखिल, ससुर लेखराज और सास आरती ने मायके से कार, दो लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी और चेन लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की जाती थी।
गर्भपात कराने का भी आरोप
पीड़िता ने विवाह से पहले गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। उसका कहना है कि 31 जुलाई को पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे लक्सर-मेरठ मार्ग स्थित एक अस्पताल ले गए, जहां कथित तौर पर उसे गर्भपात की दवा दी गई।
गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप
शिकायत के मुताबिक 22 अगस्त को दोपहर करीब 12 बजे पति, सास और ससुर ने उसके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। इसके बाद उसे मायके के पास छोड़ दिया गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष ने स्पष्ट कहा कि कार, दो लाख रुपये और सोने के आभूषण मिलने के बाद ही उसे वापस घर में रखा जाएगा।
सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि एसएसपी को मिली शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
