देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के साथ कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों तथा अतिवृष्टि और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसमें सबसे बड़ी राशि नैनीताल जिले में क्षतिग्रस्त पुल के पुनर्निर्माण के लिए स्वीकृत की गई है।
राज्य योजनांतर्गत नैनीताल जिले के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में रामनगर-कालाढूंगी-हल्द्वानी-काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज-बिजटी राज्यमार्ग संख्या-41 के किमी 36 पर निहाल नदी में क्षतिग्रस्त पुलिया के स्थान पर 21 मीटर विस्तार वाले आरसीसी सेतु का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 3.96 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन मुख्यमंत्री ने प्रदान किया है।
इसके अलावा उत्तरकाशी के ग्राम मोल्डा में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित सात परिवारों को छह माह तक किराये के भवन में रखने के लिए 1.68 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इन परिवारों को प्रति माह चार हजार रुपये की दर से किराया दिया जाएगा।
देहरादून के हाथीबड़कला क्षेत्र के पथरियापीर में आवासीय भवनों के पीछे बनी सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के कारण चार प्रभावित परिवारों को भी सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवन में रखा जाएगा। इसके लिए छह माह की अवधि में कुल 96 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
अल्मोड़ा जिले में एक सितंबर 2026 को प्राकृतिक आपदा में पूरी तरह क्षतिग्रस्त आवासीय भवन के प्रभावित परिवार को तीन लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं, प्राकृतिक आपदा में मृतकों के आश्रितों को एसडीआरएफ मानकों के तहत मिलने वाली राहत राशि के अतिरिक्त एक लाख रुपये प्रति परिवार की दर से सहायता देने के लिए तीन लाख रुपये मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत किए गए हैं।
हरिद्वार में कुम्भ मेला-2027 के कार्यों के सुचारू संचालन के लिए केंद्र सरकार से स्वीकृत कार्यों की 100 करोड़ रुपये की सीमा के तहत दूसरे चरण की अवशेष धनराशि के रूप में 20 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। सरकार का फोकस विकास कार्यों के साथ प्रभावित परिवारों को समय पर राहत और कुम्भ की तैयारियों को गति देने पर है।
