बीरोंखाल । चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड बीरोंखाल में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत बड़े पैमाने पर काम चल रहा है। कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के शुभारंभ के दौरान बताया कि वर्ष 2024 से 2030 तक क्षेत्र में इस परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र की 78 ग्राम पंचायतों में से 68 पंचायतें परियोजना से जुड़ी हैं। सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 12 एलडीपीई टैंक और सात वाटर हार्वेस्टिंग टैंक तैयार किए गए हैं। इसके अलावा ड्रिप सिंचाई की 10 प्रदर्शन इकाइयां, सब्जी उत्पादन की 30 और मल्चिंग तकनीक की 57 इकाइयां स्थापित की गई हैं।
कृषि को बढ़ावा देने के लिए रबी फसलों के तहत गेहूं, सरसों, मटर, आलू और लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर क्षेत्र में उत्पादन के लिए वितरित किया गया है। खरीफ में मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन और स्वीट कॉर्न के बीज 102 हेक्टेयर के लिए दिए गए। सब्जी एवं मसाला उत्पादन के लिए 25 हेक्टेयर क्षेत्र में टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रांस बीन, हल्दी और अदरक के बीज वितरित किए गए। क्षेत्र में 90 पॉलीटनल के साथ वर्मी और बायो-कम्पोस्ट की प्रदर्शन इकाइयां भी स्थापित की गई हैं।
महाराज ने इस दौरान कई विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया। बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले राजकीय इंटर कॉलेज भवन का शिलान्यास किया गया। वहीं 21.4 लाख रुपये से बने राजकीय प्राथमिक विद्यालय के भवन और रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया गया।
उन्होंने चितौण खाल मोटर मार्ग मिलान के लिए चार लाख और हिन्डोला गैरी से हनुमान गद्दी-बडेस ढय्या संपर्क मार्ग के लिए तीन लाख रुपये विधायक निधि से देने की घोषणा भी की। शिविर में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया।
