After Header-1

खटीमा के एकलव्य स्कूल को मिलेंगे 10 करोड़, जानिए क्या बदलेगा

खटीमा। उत्तराखंड के खटीमा में तीन दिवसीय आदि रंगोत्सव का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकसंगीत की प्रस्तुतियों से सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कलाकारों के साथ थिरकने के साथ ढोल भी बजाया।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से करीब 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि करीब चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है और जल्द निर्माण शुरू होगा। विद्यालय में 240 बालकों और 240 बालिकाओं समेत कुल 480 विद्यार्थियों के अध्ययन की क्षमता होगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की परंपराओं, विरासत और गौरव को सामने लाने का माध्यम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है।

धामी ने जुएल ओराम से पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एक आवासीय एकलव्य विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि आवास और शिक्षा के क्षेत्र में जनजातीय परिवारों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में करीब 28 प्रतिशत आवेदन जनजातीय परिवारों के हैं। वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत भी आवास निर्माण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने खटीमा के अंजनिया निवासी बीएसएफ जवान मोहन सिंह राणा और चारूबेटा की टीला सेन को माउंट एवरेस्ट फतह करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों की उपलब्धि युवाओं के लिए प्रेरणा है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड के थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातीय समुदायों की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने लोककला, नृत्य, संगीत और परंपराओं की प्रस्तुतियां देकर आयोजन को जीवंत बना दिया।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.