
तेल अवीव। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट स्मित मच्छर को अगले वर्ष होने वाले इजराइल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है। नेतन्याहू ने भारतीय पायलट की बहादुरी और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें भारत और इजराइल के साहसी लोगों के साथ-साथ पूरी दुनिया का नायक बताया।
जानकारी के मुताबिक, नेतन्याहू ने फोन पर बातचीत के दौरान पायलट स्मित मच्छर के साहस की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मच्छर ने कठिन परिस्थितियों में जिस तरह साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह सराहनीय है। उनके इस कदम को लेकर इजराइल में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई है।
इससे पहले दुबई के क्राउन प्रिंस हमदान बिन मोहम्मद ने अस्पताल में भर्ती भारतीय पायलट से मुलाकात की थी। उन्होंने भी पायलट के साहस की प्रशंसा की थी। इसके बाद अब इजराइल के प्रधानमंत्री की ओर से उन्हें स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने का निमंत्रण दिए जाने को विशेष सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि, नेतन्याहू की ओर से दिया गया यह निमंत्रण मशाल जलाने वालों के अंतिम चयन की आधिकारिक घोषणा नहीं है। इजराइल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मशाल प्रज्ज्वलित करने वाले लोगों का चयन एक सार्वजनिक सलाहकार समिति द्वारा किया जाता है। समिति की सिफारिश के बाद निर्धारित मंत्रीस्तरीय प्रक्रिया के तहत नामों को अंतिम मंजूरी दी जाती है।
इस पूरी चयन प्रक्रिया में इजराइल की परिवहन मंत्री मिरी रेगेव की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाना इजराइल में बेहद प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। आमतौर पर ऐसे लोगों का चयन किया जाता है, जिन्होंने देश, समाज या मानवता के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
प्रधानमंत्री नेतन्याहू द्वारा पीएम मोदी और भारतीय पायलट को आमंत्रित किया जाना भारत और इजराइल के बीच मजबूत संबंधों के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, अंतिम चयन और आधिकारिक घोषणा के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों समारोह में मशाल प्रज्ज्वलित करेंगे या नहीं।
