मुंबई, 29 सितंबर। बॉक्स ऑफिस पर सोमवार को फिल्मों की कमाई में बड़ा अंतर देखने को मिला। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने शुरुआती वीकेंड में अच्छी रफ्तार पकड़ने के बाद कारोबारी सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को खासा गिरावट दर्ज की। वहीं नानी की ‘द पैराडाइज’ की कमाई भी सोमवार को कमजोर रही। दूसरी ओर ‘हनुमान अंश’ ने रिलीज के 53वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए रखी।
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ ने रिलीज के चौथे दिन सोमवार को 5.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया। फिल्म ने पहले दिन 8 करोड़, दूसरे दिन 11.25 करोड़ और तीसरे दिन 14.35 करोड़ रुपये कमाए थे। इस तरह भारत में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 38.85 करोड़ रुपये पहुंच गया है। दुनियाभर में फिल्म ने चार दिनों में 50.35 करोड़ रुपये का कारोबार किया है।
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी ‘द वन’ भारतीय लोककथाओं पर आधारित पौराणिक हॉरर कहानी है। वीकेंड के दौरान दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया के बाद अब फिल्म के सामने सप्ताह के बाकी दिनों में कमाई की रफ्तार बनाए रखने की चुनौती है।
नानी की ‘द पैराडाइज’ के कारोबार में भी सोमवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली। फिल्म ने पांचवें दिन 5 करोड़ रुपये कमाए, जबकि इससे एक दिन पहले यानी चौथे दिन इसका कलेक्शन 15.70 करोड़ रुपये था। फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 97.10 करोड़ रुपये हो गया है। दुनियाभर में यह फिल्म 144.85 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है।
इधर, विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी ‘हनुमान अंश’ लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के 53वें दिन फिल्म ने 2.35 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ भारत में इसका कुल कलेक्शन 309.38 करोड़ रुपये पहुंच गया है। दुनियाभर में फिल्म का कारोबार 404.25 करोड़ रुपये हो चुका है। फिल्म ने वैश्विक स्तर पर 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है।