एशियन गेम्स में गोल्ड की ओर भारत का अगला कदम, सेमीफाइनल में कोरिया से टक्कर

नई दिल्ली, 29 सितंबर। एशियन खेल-2026 में शानदार प्रदर्शन कर रही भारतीय महिला हॉकी टीम अब पदक की दौड़ में अहम मुकाबले के लिए तैयार है। भारत बुधवार को सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया का सामना करेगा। जापान के कावासाकी जुको स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजरें जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाने पर होंगी। टीम 44 साल बाद एशियन खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रही है।

भारतीय टीम ने पूल बी में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने सभी पांच मुकाबले जीते और शीर्ष स्थान हासिल किया। टीम ने उज्बेकिस्तान को 19-0, इंडोनेशिया को 17-1 और थाईलैंड को 20-1 से हराया। इसके बाद भारत ने मेजबान जापान को 3-1 से मात दी, जबकि पूल के अंतिम मुकाबले में सिंगापुर को 7-0 से शिकस्त दी।

दूसरी ओर, दक्षिण कोरिया ने पूल ए में चार जीत दर्ज कर दूसरा स्थान हासिल किया। टीम को चीन के खिलाफ 0-3 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, बांग्लादेश के खिलाफ दक्षिण कोरिया ने 8-0 की बड़ी जीत दर्ज की थी। ऐसे में सेमीफाइनल में भारतीय खिलाड़ियों को कोरियाई टीम के खिलाफ सतर्क रहना होगा।

भारत की ओर से ड्रैग-फ्लिक विशेषज्ञ दीपिका टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी हैं। उन्होंने पांच मैचों में 21 गोल दागे हैं। अनुभवी फारवर्ड नवनीत कौर ने 10 गोल किए हैं। रुतुजा दादासो पिसाल सात, लालरेमसियामी छह और इशिका पांच गोल कर चुकी हैं।

गोलकीपिंग में अनुभवी सविता और बिचू देवी की भूमिका भी अहम रहेगी। वहीं, दक्षिण कोरिया की मिडफील्डर सेउंगए पार्क अब तक आठ गोल कर चुकी हैं। भारतीय रक्षापंक्ति को उनके खिलाफ विशेष सतर्कता बरतनी होगी।

मुख्य कोच सजोर्ड मारिजने के मुताबिक टीम लगातार अभ्यास कर अपनी लय बनाए रखने पर काम कर रही है। उन्होंने माना कि सेमीफाइनल में चुनौती पहले के मुकाबलों से अलग होगी।

भारत ने आखिरी बार 1982 में एशियन खेलों का स्वर्ण पदक जीता था। सेमीफाइनल में जीत के साथ टीम खिताबी मुकाबले में पहुंच जाएगी। मुकाबला बुधवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.