कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 ट्रेकर्स सुरक्षित, हेलीकॉप्टर से हर्षिल पहुंचे

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्र में कालिंदी खाल ट्रेक पर फंसे सभी 19 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकाल लिया गया है। मंगलवार को मौसम और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बचाव अभियान दोबारा शुरू किया गया। एसडीआरएफ समेत विभिन्न बचाव एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने हेलीकॉप्टर की मदद से सभी को सुरक्षित हर्षिल हेलीपैड पहुंचाया।

अधिकारियों के अनुसार, 28 सितंबर को कालिंदी पास क्षेत्र से 11 ट्रेकर्स और पोर्टर्स को सुरक्षित निकालकर हर्षिल पहुंचाया गया था। मंगलवार को आठ और लोगों को हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुरक्षित निकाला गया। इस तरह कालिंदी खाल क्षेत्र में फंसे सभी 19 लोगों की सुरक्षित निकासी पूरी हो गई। हर्षिल पहुंचने के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जिसमें उनकी स्थिति सामान्य पाई गई।

रेस्क्यू अभियान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर संचालित किया गया। हर्षिल हेलीपैड पर अपर जिलाधिकारी मुक्ता मिश्र की मौजूदगी में संबंधित अधिकारियों, बचाव दलों और हेलीकॉप्टर पायलटों ने समन्वय कर अभियान की कार्ययोजना तैयार की। इसके बाद मौसम और क्षेत्र की परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षित तरीके से निकासी शुरू की गई।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, कालिंदी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान के दौरान सभी एजेंसियां लगातार आपसी समन्वय बनाए हुए थीं। प्रशासन की प्राथमिकता खराब मौसम और कठिन पहाड़ी परिस्थितियों के बीच फंसे लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना रही।

उधर, उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 137 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। इनमें से सोमवार को 40 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया था, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू से इनकार कर यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई थी। अन्य लोगों की सुरक्षित निकासी के लिए अभियान जारी रखा गया है।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने जरूरत के अनुसार हवाई संसाधनों के तत्काल उपयोग और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.