जोधपुर के आसमान में दिखी हवाई ताकत, F-35 और राफेल के साथ गरजे कई देशों के विमान

जोधपुर, 28 सितंबर। जोधपुर एयरफोर्स स्टेशन पर चल रहे बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास ‘तरंग शक्ति’ के ऑपरेशनल फेज में सोमवार को अमेरिका समेत कई देशों के अत्याधुनिक विमानों ने अपनी हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया। अभ्यास के दौरान विभिन्न देशों की वायु सेनाओं ने सामरिक अभियानों से जुड़े अनुभव साझा किए और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह बहुराष्ट्रीय युद्धाभ्यास आगामी 12 अक्टूबर तक चलेगा। भारतीय वायु सेना के साथ सात मित्र देशों की वायु सेनाएं इसमें प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा ले रही हैं। इस बार अभ्यास की मुख्य थीम ‘पावर इन पार्टनरशिप’ रखी गई है। इसका उद्देश्य भागीदार देशों के बीच परिचालन स्तर पर तालमेल बढ़ाना और संयुक्त सैन्य क्षमताओं को बेहतर करना है।

अभ्यास में भारत के साथ ऑस्ट्रेलिया, अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, जर्मनी, श्रीलंका और बांग्लादेश की वायु सेनाएं शामिल हैं। इसके अलावा 32 से अधिक देशों के प्रतिनिधि पर्यवेक्षक के तौर पर अभ्यास को देख रहे हैं। इससे ‘तरंग शक्ति’ का अंतरराष्ट्रीय दायरा और व्यापक हो गया है।

इस युद्धाभ्यास की खासियत यह है कि इसमें लड़ाकू विमानों के साथ सैन्य परिवहन विमान और हवा में ईंधन भरने वाले एयरक्राफ्ट भी संयुक्त अभियानों का हिस्सा हैं। इससे अलग-अलग देशों की वायु सेनाओं को वास्तविक ऑपरेशनल परिस्थितियों में एक-दूसरे की प्रक्रियाओं और क्षमताओं को समझने का अवसर मिल रहा है।

एक दिन पहले एयर मार्शल पीवी शिवानंद ने औपचारिक रूप से अभ्यास का उद्घाटन किया था। उन्होंने विभिन्न दलों के कमांडरों को आधिकारिक एक्सरसाइज पैच भी प्रदान किए।

अभ्यास के दौरान एफ-35 और राफेल जैसे आधुनिक लड़ाकू विमानों की मौजूदगी भी चर्चा में है। भारतीय वायु सेना के विमानों के साथ इनके संयुक्त अभ्यास से भागीदार देशों को परिचालन अनुभव साझा करने का अवसर मिल रहा है। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, ‘तरंग शक्ति’ जैसे अभ्यासों से क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और स्थिरता के लिए सहयोग को बढ़ावा देने के साथ भारत के स्वदेशी एयरोस्पेस इकोसिस्टम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर भी मिलता है। विदेशी दलों को भारत की सैन्य क्षमताओं के साथ उसकी सांस्कृतिक विरासत को जानने का भी मौका मिल रहा है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.