उत्तराखंड में 179 ट्रैकर्स फंसे, 8 हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान फंसे 179 ट्रैकर्स और माउंटेनियर्स के रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। दिल्ली से लौटने के बाद मुख्यमंत्री सीधे परिचालन केंद्र पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी ली।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उत्तरकाशी में 136 और बागेश्वर जिले के पिंडारी क्षेत्र में 43 ट्रैकर्स-माउंटेनियर्स के फंसे होने की सूचना मिली थी। उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को निकालने के लिए सोमवार सुबह छह बजे से अभियान दोबारा शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब मौसम और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल करें। अभियान के लिए आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। जरूरत पड़ने पर हवाई संसाधनों का तत्काल उपयोग करने और हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से फोन पर मौके की स्थिति की जानकारी ली और रेस्क्यू टीमों को सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने तथा अभियान की लगातार निगरानी करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों के साथ पर्यटकों, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

चारधाम यात्रा की भी समीक्षा

बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्थायी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ते धार्मिक पर्यटन को देखते हुए भविष्य की जरूरतों के अनुरूप दीर्घकालिक व्यवस्था तैयार की जानी चाहिए।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.