एशियन गेम्स में अंकुश का पंच पड़ा भारी, सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक किया पक्का

आइची-नागोया (जापान), 27 सितंबर। भारतीय मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने आइची-नागोया एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलिमोव के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में अंकुश ने 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ उन्होंने भारत के लिए मुक्केबाजी में एक पदक भी पक्का कर दिया है।

हरियाणा के अंकुश ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने अपनी तेज गति और सटीक पंचों के जरिए सलिमोव पर लगातार दबाव बनाए रखा। ताजिकिस्तानी मुक्केबाज ने जवाबी हमले की कोशिश की, लेकिन अंकुश की आक्रामक रणनीति के सामने वह ज्यादा प्रभावी नजर नहीं आए। पहले राउंड में सभी पांच जजों ने अंकुश के पक्ष में फैसला दिया।

दूसरे राउंड में भी भारतीय मुक्केबाज ने अपनी रणनीति में कोई बदलाव नहीं किया। अंकुश ने लगातार आक्रमण करते हुए कई प्रभावी पंच लगाए और यह राउंड भी अपने नाम किया। शुरुआती दो राउंड में मजबूत बढ़त हासिल करने के बाद उन्होंने मुकाबले पर अपनी पकड़ लगभग तय कर ली थी।

तीसरे और अंतिम राउंड में सलिमोव ने वापसी की कोशिश की और अपने हमलों की रफ्तार बढ़ाई। वह इस राउंड को 4-1 से अपने पक्ष में करने में सफल रहे, लेकिन शुरुआती दो राउंड में अंकुश की बनाई बढ़त निर्णायक साबित हुई। आखिरकार पांचों जजों ने भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में फैसला सुनाया।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अंकुश की जीत की जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनका सेमीफाइनल मुकाबला 29 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 11 बजे होगा।

क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत के बाद अंकुश अब स्वर्ण पदक की दौड़ में हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने पर वह फाइनल में पहुंचेंगे और भारत के पदक का रंग बदलने की कोशिश करेंगे।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.