बैंक हड़ताल से पहले बड़ा फैसला, केंद्रीय कर्मचारियों की सैलरी 25 सितंबर को

नई दिल्ली। बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए केंद्र सरकार ने लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अहम फैसला लिया है। सितंबर 2026 की सैलरी और पेंशन तय समय से पहले 25 सितंबर को ही जारी की जाएगी। सामान्य प्रक्रिया में भुगतान बाद की तारीख में होता, लेकिन बैंक हड़ताल के कारण भुगतान व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए सरकार ने अग्रिम भुगतान का निर्णय लिया है।

वित्त मंत्रालय के कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (सीजीए) की ओर से जारी ऑफिस मेमोरेंडम में इस संबंध में सभी संबंधित केंद्रीय कार्यालयों को निर्देश दिए गए हैं। इसमें बताया गया है कि यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) ने 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है।

सरकार के मुताबिक, प्रस्तावित हड़ताल 30 सितंबर को होने वाली छमाही क्लोजिंग के समय पड़ रही है। ऐसे में बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना को देखते हुए केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के भुगतान को पहले ही पूरा करने का फैसला किया गया है।

निर्देश के अनुसार रक्षा, डाक, दूरसंचार समेत सभी केंद्रीय सरकारी कार्यालय सितंबर 2026 का वेतन और पेंशन 25 सितंबर, शुक्रवार को जारी करेंगे। इससे केंद्रीय कर्मचारी, औद्योगिक श्रमिक और सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रभावित नहीं होंगे और उनकी राशि समय से पहले बैंक खातों में पहुंच जाएगी।

सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि सितंबर के वेतन में किसी नए भत्ते या एरियर का समायोजन नहीं किया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी को नए भत्ते या एरियर का भुगतान किया जाना है तो उसका समायोजन अक्टूबर महीने के वेतन में किया जाएगा।

इस फैसले का उद्देश्य बैंक हड़ताल के दौरान संभावित व्यवधान के बावजूद कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करना है। अग्रिम भुगतान के चलते सितंबर महीने की सैलरी और पेंशन सामान्य तारीख से पहले खातों में क्रेडिट होगी। बैंक हड़ताल के मद्देनजर सरकार का यह कदम भुगतान व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए उठाया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.