जमशेदपुर में भीषण सड़क हादसा: सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में घुसी कार, मंत्री की बेटी समेत चार युवाओं की मौत

जमशेदपुर। झारखंड के जमशेदपुर में गुरुवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवाओं की मौत हो गई। हादसा सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी के पास करीब तीन बजे हुआ। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोगों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा।

मृतकों की पहचान झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह, सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक कार संख्या जेएच05 डीएस 6450 मरीन ड्राइव की ओर से गुजर रही थी। दोमुहानी के पास सड़क पर खराब होने के कारण खड़े ट्रेलर संख्या जेएच02टी 3971 में कार पीछे से जा टकराई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रेलर बुधवार रात करीब 10 बजे से खराब होने के कारण सड़क पर खड़ा था।

हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार ट्रेलर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई थी। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर चारों शवों को बाहर निकाला। हादसे में शव भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कार की गति तेज होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सड़क पर खड़े खराब ट्रेलर के पीछे सुरक्षा संकेतक, चेतावनी व्यवस्था और पर्याप्त प्रकाश की स्थिति की भी जांच की जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचने लगे। वहां परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। हादसे की खबर से मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के परिवार में भी शोक की लहर है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.