अयोध्या, 15 सितंबर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंगलवार को कहा कि राम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। अब अंतिम भुगतान और निर्माण कार्य से जुड़ी औपचारिकताओं को पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है।
राम कथा संग्रहालय में आयोजित बैठक के दौरान नृपेंद्र मिश्र ने बताया कि मंदिर निर्माण में शामिल कंपनियों से बैंक गारंटी ली जा रही है। इसका उद्देश्य भविष्य में मंदिर भवन की गुणवत्ता और निर्माण कार्य की मजबूती सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि निर्माण से जुड़े अंतिम बिलों में से करीब 60 से 70 प्रतिशत का ऑडिट इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राम कथा संग्रहालय को भी व्यापक स्वरूप दिया जा रहा है। संग्रहालय में 20 नई गैलरियों के निर्माण की योजना है। इन गैलरियों के निर्माण के लिए आगामी 10 अक्टूबर से टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यहां भगवान राम के जीवन, उनके आदर्शों और रामकथा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को आधुनिक तरीके से प्रदर्शित किया जाएगा।
संग्रहालय में केवल धार्मिक और सांस्कृतिक पक्ष ही नहीं, बल्कि अयोध्या के राम मंदिर आंदोलन से जुड़े महत्वपूर्ण घटनाक्रमों को भी स्थान दिया जाएगा। करीब 500 वर्षों से चले आ रहे राम मंदिर आंदोलन में न्यायालय की भूमिका और उससे जुड़े प्रमुख दस्तावेजों को भी प्रदर्शित करने की तैयारी है।
इसके लिए आवश्यक दस्तावेज और ऐतिहासिक सामग्री जुटाई जा रही है। संग्रहालय की प्रस्तावित गैलरियों के माध्यम से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भगवान राम के जीवन से लेकर राम मंदिर आंदोलन और मंदिर निर्माण तक की विस्तृत जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।
नृपेंद्र मिश्र की बैठकों का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद अब निर्माण की गुणवत्ता, अंतिम भुगतान और संग्रहालय के आगामी कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।