दुबई। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 40 रन से हराकर 2026 महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 149 रन बनाए और फिर मजबूत गेंदबाजी के दम पर बांग्लादेश को निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन तक ही रोक दिया। इस जीत के साथ भारत ने एशिया कप के फाइनल में 10वीं बार प्रवेश किया है।
भारत की पारी की सबसे बड़ी स्टार शेफाली वर्मा रहीं। उन्होंने महज 40 गेंदों में सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 64 रन की आक्रामक पारी खेली। उनकी इस पारी ने भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। कप्तान हरमनप्रीत कौर ने 24, ऋचा घोष ने 21, प्रतिका रावल ने 20 और दीप्ति शर्मा ने 13 रन का योगदान दिया। हालांकि स्मृति मंधाना सिर्फ दो रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि भारती फुलमाली अपना खाता भी नहीं खोल सकीं। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून ने दो विकेट लिए।
150 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए। शोर्ना अख्तर ने 22 रन बनाकर टीम की ओर से सर्वाधिक स्कोर किया। दिलारा अख्तर ने 21, कप्तान निगरा सुल्तान ने 19 और शोभना मोस्तरी ने 18 रन बनाए, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।
भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और बांग्लादेश की रन गति पर लगातार अंकुश लगाए रखा। भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के कारण बांग्लादेश लक्ष्य से काफी दूर रह गया।
अब भारतीय टीम की नजरें फाइनल मुकाबले पर हैं, जहां जीत के साथ वह महिला एशिया कप का खिताब अपने नाम करना चाहेगी।