बंगाल की खाड़ी में हलचल, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर मौसम का ताजा अपडेट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर-पश्चिम एवं पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे दक्षिण ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों पर सक्रिय है। इसके प्रभाव से बना चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई बढ़ने के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है।

आईएमडी के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर बंगाल की खाड़ी और मध्य बंगाल की खाड़ी में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। इस दौरान बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों तथा समुद्र से लगे क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने समुद्र की स्थिति को देखते हुए मछुआरों को उत्तर और मध्य बंगाल की खाड़ी के अलावा संबंधित तटीय क्षेत्रों में समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

बारिश की बात करें तो ओडिशा में कई स्थानों पर हल्की बारिश के साथ कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी कई क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।

छत्तीसगढ़ में भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, जबकि कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना में भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश में शुक्रवार को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। वहीं कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रभावित राज्यों और तटीय क्षेत्रों में लोगों को स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.