धामी सरकार का बड़ा फैसला, विकास कार्यों के लिए 6 करोड़ मंजूर

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और आपदा प्रभावितों की सहायता के लिए करीब 6 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियों को मंजूरी दी है। इसके साथ ही ग्राम पंचायतों को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायत भवन निर्माण के लिए अनुमन्य धनराशि को दोगुना कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के रानीखेत विधानसभा क्षेत्र के चिलियानौला में मल्टी स्टोरी पार्किंग के ऊपर सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2.90 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया है। इससे क्षेत्र में सामुदायिक गतिविधियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधा विकसित होने की उम्मीद है।

धार्मिक स्थलों के विकास के लिए भी अलग-अलग जिलों को वित्तीय स्वीकृति दी गई है। रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में ईष्ट देवी राजराजेश्वरी तालतोली मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 20 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में कालीगूंठ पूर्णागिरी के विभिन्न स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए 66.74 लाख रुपये तथा बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में धर्मस्व विभाग के अंतर्गत मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 2.40 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

आपदा प्रभावित परिवारों को भी राहत प्रदान की गई है। चमोली जिले में वर्ष 2026-27 के दौरान प्राकृतिक आपदा में मृत 16 व्यक्तियों के आश्रितों को अनुमन्य राहत राशि के रूप में 16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं उत्तरकाशी जिले की चिन्यालीसौड़ तहसील में अतिवृष्टि और भूस्खलन से प्रभावित 38 परिवारों को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र किराये के भवनों में रखने के लिए तीन माह तक प्रतिमाह 4,000 रुपये की दर से कुल 4.56 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने ग्राम पंचायतों को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सेक्टर के अंतर्गत पंचायत भवन निर्माण के लिए अनुमन्य धनराशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने का अनुमोदन दिया है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी कर दिया गया है। सरकार के इस फैसले से ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत स्तर की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.