भाजपा में सब ठीक नहीं? नितिन नवीन के दौरे पर कांग्रेस का बड़ा हमला

देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने भाजपा संगठन की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में पार्टी का कुनबा बिखरा हुआ है और नितिन नवीन उसे समेटने के लिए उत्तराखंड आ रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में हालात ऐसे हैं कि “बारात तो सज गई है, लेकिन दूल्हा गायब है।”

गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि नितिन नवीन का कोर कमेटी और प्रदेश कार्यसमिति की बैठकों में शामिल होने के लिए उत्तराखंड आना इस बात का संकेत है कि पार्टी के भीतर सब कुछ सामान्य नहीं चल रहा है। उन्होंने प्रदेश प्रभारी के पद को लेकर लंबे समय से बने असमंजस का उल्लेख करते हुए भाजपा नेतृत्व से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की।

कांग्रेस प्रवक्ता ने पूर्व प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम और पूर्व संगठन महामंत्री अजय कुमार को लेकर उठे सवालों का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि भाजपा नेतृत्व को संगठन से जुड़े इन मामलों पर स्थिति साफ करनी चाहिए, ताकि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच बनी असमंजस की स्थिति दूर हो सके।

गरिमा ने प्रदेश सरकार पर भी कई मुद्दों को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महिला अपराध, कानून व्यवस्था, भर्ती घोटाले, पलायन, अवैध खनन और भू-माफिया जैसे मुद्दों को लेकर जनता में नाराजगी बढ़ रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस की ओर से मुख्यमंत्री आवास घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने सरकार के खिलाफ असंतोष को सामने ला दिया है।

उन्होंने भाजपा के प्रदेशव्यापी प्रदर्शन को लेकर भी सवाल उठाते हुए दावा किया कि कार्यक्रम में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी। कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इससे भाजपा के संगठनात्मक स्तर पर कमजोरी का संकेत मिलता है।

गरिमा मेहरा दसौनी ने नितिन नवीन से केवल बैठकों तक सीमित न रहने, बल्कि प्रदेश में संगठन और सरकार की जमीनी स्थिति का जायजा लेने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कार्यक्रमों में बढ़ती भागीदारी और भाजपा के कार्यक्रमों में कथित कम उत्साह आगामी विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा का संकेत दे रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.