PM मोदी का गुजरात-मुंबई दौरा, 35 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर नजर

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद शाम को मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर करीब 12 बजे वडोदरा पहुंचेंगे। यहां वे वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंड राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इन परियोजनाओं पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हुआ है। साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उंबरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जेएनपीटी खंडों के शुरू होने से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट अथॉरिटी से सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे माल ढुलाई तेज होने, लॉजिस्टिक्स लागत घटने और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव कम होने की उम्मीद है।

पीएम मोदी न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उंबरगांव और न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके साथ ही वडोदरा-टांडा रोड के बीच नई ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। जोबाट-टांडा रोड नई रेल लाइन को भी राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा, जिससे अलीराजपुर के दूरदराज और आदिवासी क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

प्रधानमंत्री करीब 9,700 करोड़ रुपये की लागत वाली 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी और चौथी लाइन, मियागाम करजन-चोरंडा-मलसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-दभोई दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। इसके अलावा करीब 1,780 करोड़ रुपये की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और गुजरात सरकार की लगभग 2,600 करोड़ रुपये की योजनाओं का भी उद्घाटन व शिलान्यास होगा।

शाम करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री मुंबई में GFF 2026 का उद्घाटन करेंगे। सातवां ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 8 से 11 सितंबर तक आयोजित होगा। इसमें दुनिया भर के नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान और फिनटेक कंपनियां वित्त के भविष्य पर चर्चा करेंगी। फेस्ट में डिजिटल भुगतान, वित्तीय समावेशन, एजेंटिक एआई, प्रोग्रामेबल फाइनेंस और क्वांटम टेक्नोलॉजी जैसे उभरते क्षेत्रों पर विशेष ध्यान रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.