सोशल मीडिया और इंटरनेट के दौर में भाषा का अंदाज भी तेजी से बदल रहा है। खासकर जेन-जी पीढ़ी के बीच नए शब्दों, शॉर्ट फॉर्म और मजेदार वाक्यांशों का इस्तेमाल आम हो गया है। ऐसे में सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी इस बदलती भाषा को समझने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। लोकप्रिय क्विज रियलिटी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के एक एपिसोड में उन्होंने जेन-जी के शब्दों को लेकर अपने अंदाज में मजेदार किस्सा साझा किया।
अमिताभ बच्चन ने बताया कि जब कोई उनसे कहता है ‘यू आर रॉकिंग’, तो वह इसका शाब्दिक अर्थ निकालने लगते हैं। उन्हें लगता है कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया है कि कोई उन्हें ‘रॉकिंग’ यानी पत्थर से जोड़ रहा है। इसी तरह ‘सर, यू आर किलिंग इट’ जैसे वाक्य सुनकर भी वह हैरान हो जाते हैं। उन्हें समझ नहीं आता कि सामने वाला ‘किलिंग’ यानी मारने की बात क्यों कर रहा है।
बिग बी इससे पहले भी जेन-जी की बदलती शब्दावली को लेकर अपनी दिलचस्प प्रतिक्रिया दे चुके हैं। हाल ही में उन्होंने ‘बीवी पगलू’ जैसे नए शब्द का अर्थ जाना था। इसका मतलब समझने के बाद उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि पत्नी को बॉस मान लेना ही बेहतर है और हर पति को यह बात स्वीकार करनी चाहिए। उनके मुताबिक इससे वैवाहिक जीवन भी आसानी से चल सकता है।
दरअसल, जेन-जी की भाषा इंटरनेट, सोशल मीडिया और लोकप्रिय संस्कृति के प्रभाव से तेजी से विकसित हुई है। आम तौर पर 1997 से 2012 के बीच जन्मी पीढ़ी को जेन-जी कहा जाता है। इस पीढ़ी की बातचीत में लंबे वाक्यों की जगह छोटे शब्दों, संक्षिप्त अभिव्यक्तियों, मीम और नए स्लैंग का इस्तेमाल अधिक होता है।
इस भाषा की खासियत यह है कि कई शब्दों का अर्थ उनके सीधे मतलब से अलग होता है। उनका वास्तविक अर्थ बातचीत के संदर्भ, भाव और व्यंग्य से समझा जाता है। अंग्रेजी और हिंदी के मिश्रण यानी हिंग्लिश ने भी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं की रोजमर्रा की बातचीत में अपनी जगह मजबूत की है। अमिताभ बच्चन का इस नई भाषा को समझने का मजेदार अंदाज अब चर्चा में है।