PM मोदी के जन्मदिन पर जलेंगे 76 करोड़ दीये, जानिए भाजपा का बड़ा प्लान

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में बड़े पैमाने पर सेवा अभियान चलाने जा रही है। 17 सितंबर को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों में दीपक जलाकर ‘एक दिया आशीर्वाद का’ अभियान शुरू किया जाएगा। भाजपा ने इसे ‘आशीर्वाद दिवाली’ का नाम दिया है।

भाजपा प्रवक्ता जफर इस्लाम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर इस बार जन्मदिन कार्यक्रम को विशेष रूप से व्यापक बनाया गया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे एक महीने को ‘सेवा संकल्प माह’ के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान देशभर में विभिन्न सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।

अभियान के तहत ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘वडनगर से वाराणसी’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु’, ‘सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रम होंगे।

भाजपा के अनुसार, केंद्र सरकार की करीब 125 योजनाओं के करोड़ों लाभार्थियों को अभियान से जोड़ा जाएगा। इनमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के करीब 81.35 करोड़, आयुष्मान भारत के 41 करोड़ से अधिक कार्डधारक, उज्ज्वला योजना के करीब 10.58 करोड़ लाभार्थी और पीएम किसान सम्मान निधि के 9.32 करोड़ से अधिक किसान शामिल हैं।

इसके अलावा लखपति दीदी, ग्रामीण और शहरी आवास योजनाओं, जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभार्थियों को भी अभियान में शामिल किया जाएगा। कार्यक्रम के संचालन के लिए मनसुख मांडविया, डी. पुरंदेश्वरी और मुख्तार अब्बास नकवी की केंद्रीय टीम बनाई गई है। राज्यों में भी अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.