देहरादून। उत्तराखंड में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े लाखों लाभार्थियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं की अगस्त 2026 की किस्त का वन-क्लिक के माध्यम से भुगतान किया। इसके तहत 9 लाख 91 हजार 914 लाभार्थियों के खातों में 147 करोड़ 05 लाख रुपये की पेंशन राशि भेजी गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन पात्र लाभार्थियों का आधार नहीं बन पा रहा है, उन्हें चिन्हित किया जाए और ऐसे लोगों के लिए अकाउंट बेस्ड पेमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि पात्र व्यक्ति किसी तकनीकी या दस्तावेजी समस्या के कारण सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लाभ से वंचित न रहे।
प्रस्तुतीकरण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अगस्त माह में वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग, किसान, परित्यक्ता, भरण-पोषण अनुदान, तीलू रौतेली और बौना पेंशन योजनाओं के तहत कुल 9,91,914 लाभार्थियों के लिए 147 करोड़ 05 लाख 51 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। इनमें 2 लाख 14 हजार 711 लाभार्थी राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम (NSAP) के तहत तथा 7 लाख 77 हजार 203 लाभार्थी राज्य स्तर की योजनाओं से आच्छादित हैं।
अगस्त की पेंशन राशि में करीब 140 करोड़ 11 लाख रुपये राज्यांश और 6 करोड़ 94 लाख रुपये केंद्रांश शामिल है।
बैठक में बताया गया कि अगस्त में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत 5,605 नई पेंशन भी स्वीकृत की गई हैं। इनमें वृद्धावस्था पेंशन के 3,945, विधवा पेंशन के 1,000, दिव्यांग पेंशन के 416, किसान पेंशन के 106, परित्यक्ता पेंशन के 23 और भरण-पोषण अनुदान के 115 लाभार्थी शामिल हैं।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, भारत सरकार की ओर से 18 और 19 सितंबर 2026 को नई दिल्ली स्थित डॉ. अम्बेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र में दो दिवसीय राष्ट्रीय विभागीय शिखर सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें सामाजिक सुरक्षा और कल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की संभावना है।